काठमांडू, 6 जुलाई।
नेपाल के पर्यटन क्षेत्र में अब वैश्विक चमक देखने को मिल रही है। पिछले पांच वर्षों में कोरोना जैसी चुनौतियों के बावजूद देश के होटल उद्योग में कई बड़े अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।
पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, देश में 41 नए होटल और रिसॉर्ट्स अपनी मंजूरी के अंतिम चरण में हैं। इनमें से अधिकतर बड़े अंतरराष्ट्रीय चेन के साथ हाथ मिला रहे हैं, जिससे नेपाल में स्टार श्रेणी के होटलों की संख्या अब 335 हो गई है।
मेरियट इंटरनेशनल जैसे बड़े नाम अब नेपाल में अपने प्रीमियम ब्रांडों का तेजी से विस्तार कर रहे हैं। काठमांडू के साथ-साथ अब पोखरा, चितवन, जनकपुर और मुस्ताङ जैसे शहरों में भी अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों के होटलों का जाल बिछ रहा है।
इन परियोजनाओं का एक अनूठा पहलू यह है कि निवेश और स्वामित्व पूरी तरह से नेपाली व्यवसायियों का है। विदेशी कंपनियां केवल अपना ब्रांड, तकनीक और ग्लोबल बुकिंग नेटवर्क मुहैया कराती हैं, जिसके बदले उन्हें प्रबंधन शुल्क और रॉयल्टी मिलती है।
ताज, हॉलिडे इन, दुसित थानी, रमाडा और रेडिसन जैसे कई वैश्विक नाम नेपाल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। यह बदलाव न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।



















