मुंबई, 06 जुलाई।
मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब हवाई यातायात पर भी दिखने लगा है। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 6 जुलाई को सुबह तक 17 उड़ानों को रद्द करना पड़ा, वहीं 217 उड़ानों में देरी दर्ज की गई। खराब मौसम की वजह से यात्री काफी परेशान हैं।
स्थिति को देखते हुए आकासा और इंडिगो एयरलाइंस ने अपनी एडवाइजरी जारी की है। आकासा एयर ने यात्रियों को सूचित किया है कि मुंबई, पुणे और गोवा में तेज वर्षा के कारण उड़ानों के संचालन में देरी हो सकती है। कंपनी ने हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले फ्लाइट का स्टेटस ऑनलाइन चेक करने का आग्रह किया है।
इंडिगो एयरलाइंस ने भी अपने यात्रियों को खराब मौसम के प्रति सचेत किया है। एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की खराबी से समय सारणी प्रभावित हो सकती है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप के माध्यम से लगातार अपनी उड़ान की स्थिति पर नजर रखें।
दोनों एयरलाइंस का कहना है कि यह स्थिति उनके नियंत्रण से बाहर है, फिर भी उनकी टीमें हर संभव मदद के लिए तैयार हैं। यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है ताकि वे सुरक्षित अपनी मंजिल तक पहुंच सकें।



















