नवादा, 06 जुलाई।
नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र में धनारजय नदी के किनारे बालू में दबी एक विवाहिता का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच में पुलिस और फॉरेंसिक टीम जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, शव की पहचान अकबरपुर थाना क्षेत्र के धोबघटी गांव निवासी प्रमिला देवी के रूप में हुई है। उनकी गुमशुदगी को लेकर पहले से अकबरपुर थाना में मामला दर्ज है। सूचना मिलने पर सिरदला पुलिस के साथ अकबरपुर पुलिस, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार को कुछ लोग नदी किनारे गए थे। इसी दौरान उनकी नजर उस स्थान पर पड़ी, जहां कई कुत्ते बालू को नोच रहे थे। पास जाकर देखने पर बालू के नीचे दबा महिला का चेहरा दिखाई दिया। शव से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शव को बालू से बाहर निकलवाया और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया गया।
मृतका के पिता उमेश बिन और माता मुन्ना देवी ने बताया कि करीब दस वर्ष पहले उन्होंने प्रमिला की दूसरी शादी शंकर कुमार से कराई थी। उनका एक पांच-छह वर्ष का पुत्र आदर्श कुमार भी है। परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद से ही प्रमिला को ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था और अक्सर विवाद होता रहता था।
मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि पति शंकर कुमार, उसके भाई राजेश कुमार, राजन और उनके पिता ने मिलकर प्रमिला की हत्या की तथा साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को धनारजय नदी में बालू के नीचे दबा दिया।
उन्होंने बताया कि 2 जुलाई को विवाद की सूचना मिलने पर वे धोबघटी गांव पहुंचे थे। वहां बेटी के घर के बाहर ताला लगा मिला, जबकि अंदर पंखा चल रहा था। पुलिस की मौजूदगी में घर खोला गया, लेकिन बेटी और दामाद दोनों नहीं मिले। इसके बाद 4 जुलाई को अकबरपुर थाना में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई। सोमवार को शव मिलने की सूचना पर सिरदला पहुंचकर उन्होंने साड़ी और हाथ पर बने गोदने के आधार पर शव की पहचान की।
पुलिस का कहना है कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



















