लखनऊ, 06 जुलाई।
लखनऊ के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में सुनार को गोली मारकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब डेढ़ करोड़ रुपये के आभूषण, एक पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 23 जून को अमेठी निवासी सचिन कुमार वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपनी और अपने भाई की ज्वैलर्स दुकान के सोने-चांदी के आभूषण बैग में रखकर स्कूटी से घर जा रहे थे। इसी दौरान बंग्ला भवानी मंदिर के पास तीन बदमाशों ने उनकी स्कूटी रोककर बैग लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपितों ने उनके पैर में गोली मार दी और आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के लिए चार टीमें गठित कीं। जांच के दौरान करीब 600 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और सर्विलांस के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए गए। इसके आधार पर सोमवार तड़के दहेरामऊ अंडरपास के पास से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से लूट का सामान भी बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जौनपुर निवासी शिवम यादव उर्फ कुंदन और अंकुल यादव उर्फ गोले के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। तीसरे आरोपित सोनू यादव की तलाश जारी है।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे ज्वैलर्स की दुकानों और कारोबारियों की पहले रेकी करते थे। इसके बाद चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम देते थे। यदि विरोध होता था तो गोली मारकर लूट की घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने 23 जून की घटना के अलावा हजरतगंज में बाइक चोरी तथा रायबरेली और चंदौली में भी सुनार को गोली मारकर लूट की घटनाएं करने की बात स्वीकार की है।



















