कटिहार, 06 जुलाई।
कटिहार पुलिस ने हत्या और फायरिंग के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दोनों घटनाओं के मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एक मामले में अवैध हथियार भी बरामद किया है। दोनों मामलों का खुलासा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित अलग-अलग एसआईटी ने किया।
नगर सहायक थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, कुर्सेला थाना क्षेत्र में बुजुर्ग की हत्या के मामले में भी मुख्य आरोपित को पकड़ने में सफलता मिली है।
पुलिस के अनुसार, पांच जुलाई की रात नगर सहायक थाना क्षेत्र के भेड़िया रहिका वार्ड नंबर दो में विजय चौहान राशन लेने के लिए सौरभ सरकार की दुकान पर गए थे। उधार सामान मांगने को लेकर हुए विवाद के दौरान सौरभ सरकार और उसके साथी ने उन पर जानलेवा फायरिंग कर दी। हालांकि इस घटना में विजय चौहान बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने वैज्ञानिक जांच के आधार पर दो घंटे के भीतर मुख्य आरोपित सौरभ सरकार को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इस मामले में संबंधित कांड दर्ज किया गया है।
दूसरी घटना कुर्सेला थाना क्षेत्र के नया टोला गांधी नगर बिंदटोली की है। 29 जून की रात पुराने विवाद में 60 वर्षीय रामानंद महतो की हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि रवि कुमार उर्फ रब्बू कुमार ने बांस के खूंटे से उनके सिर और शरीर पर हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी भी घायल हो गई थीं।
इस मामले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने मुख्य आरोपित रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पहले से भी विभिन्न धाराओं में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों मामलों में आगे की पुलिस जांच और विधिक कार्रवाई जारी है।


















