लखनऊ, 06 जुलाई।
लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने चार जुलाई को थाने में तहरीर देकर बताया था कि वह रात के समय अपने परिजनों के साथ घर की छत पर सो रही थी। आरोप है कि आधी रात को गोपालखेड़ा निवासी अजय छत पर पहुंचा और सभी के सो जाने का फायदा उठाकर उसका मुंह बंद कर पास के जंगल में ले गया।
शिकायत के मुताबिक, वहां आरोपित ने युवती के साथ दुष्कर्म किया और किसी को घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी। बाद में पीड़िता ने परिवार को पूरी घटना बताई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू की। सोमवार को सूचना के आधार पर पुलिस ने हरिकंशगढ़ी अंडरपास के पास से आरोपित अजय को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की पुलिस जांच की जा रही है।



















