कोलकाता, 06 जुलाई।
पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली के जीवन पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म 'दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी' को लेकर उत्साह चरम पर है। इस बायोपिक में अभिनेता राजकुमार राव मुख्य भूमिका यानी दादा का किरदार निभाते हुए पर्दे पर नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग इसी साल अप्रैल में कोलकाता के ईडन गार्डन्स से प्रारंभ की गई थी।
चर्चा है कि निर्देशक विक्रमादित्य मोटवाने सौरव गांगुली के आगामी 54वें जन्मदिन, जो 8 जुलाई को है, पर फिल्म की पहली झलक या टीजर पेश कर सकते हैं। दर्शकों को इस फर्स्ट लुक में राजकुमार राव के गांगुली वाले अंदाज का बेसब्री से इंतजार है। फिल्म में सौरव के शुरुआती करियर, कप्तान के रूप में उनके योगदान और उनके संघर्षों को प्रमुखता से दिखाया जाएगा।
बायोपिक में गांगुली की व्यक्तिगत जिंदगी और उनकी पत्नी डोना गांगुली के साथ संबंधों पर भी विशेष फोकस रहेगा। खबरों की मानें तो फिल्म में सास्वता चटर्जी पिता चंडीदास गांगुली की भूमिका में दिख सकते हैं, वहीं डोना के रोल के लिए तान्या मानिकतला का नाम चर्चा में है।
निर्माताओं ने अभी तक फिल्म की रिलीज डेट के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। फिलहाल पूरी फिल्म इंडस्ट्री और क्रिकेट प्रेमी 8 जुलाई की तारीख का इंतजार कर रहे हैं, जब इस फिल्म के बारे में बड़ी अपडेट सामने आने की उम्मीद है।



















