अपराध
06 Jul, 2026

दुबई से लौटे पति ने पत्नी की गला रेतकर हत्या, फरार

मुजफ्फरपुर के राजेपुर थाना क्षेत्र में दुबई से लौटे पति पर अपनी पत्नी की पहसूल से गला रेतकर हत्या करने का आरोप है, जिसके बाद पुलिस फरार आरोपित की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

मुजफ्फरपुर, 06 जुलाई।

मुजफ्फरपुर जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपित पति मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना राजपुर नवादा गांव की है। यहां रहने वाले राजेंद्र भगत की बेटी पिंकी कुमारी अपने मायके में छह माह की बेटी के साथ रह रही थी। सोमवार सुबह उसके पति मनोज भगत ने घर में मौजूद सब्जी काटने वाले धारदार हथियार पहसूल से उसका गला रेत दिया। घटना के समय कमरे में पिंकी और उसकी मासूम बेटी ही मौजूद थे।

जानकारी के मुताबिक मनोज भगत, बरूराज थाना क्षेत्र के हरनाही गांव निवासी शंभू भगत का पुत्र है और दुबई में काम करता था। वह रविवार शाम ही दुबई से भारत लौटा था। इसके बाद वह अपनी पत्नी से मिलने ससुराल राजपुर नवादा पहुंचा। परिजनों को उम्मीद थी कि लंबे समय बाद मुलाकात से दोनों के रिश्तों में सुधार होगा, लेकिन कुछ ही घंटों बाद यह वारदात हो गई।

मृतका की बहन ममता ने बताया कि रविवार शाम घर पहुंचने के बाद मनोज का व्यवहार सामान्य था। उसने सबसे पहले पीने के लिए मिनरल वाटर मांगा। परिजनों ने बाजार से तीन बोतल पानी लाकर दिया, जिसके बाद वह परिवार के लोगों से सामान्य बातचीत करता रहा। बाद में जब घर के अन्य सदस्य अपने-अपने काम में लग गए तो वह पिंकी के कमरे में पहुंचा और वहां रखे पहसूल से उसका गला रेत दिया। परिजन जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक पिंकी की मौत हो चुकी थी और आरोपित फरार हो गया।

परिजनों के अनुसार पिंकी और मनोज का विवाह वर्ष 2022 में सामाजिक रीति-रिवाजों और आपसी सहमति से हुआ था। शादी के बाद उनके दो बच्चे हुए। बड़ा बेटा मनोज के पैतृक घर में रहता है, जबकि छह माह की बेटी अपनी मां के साथ ननिहाल में रह रही थी।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही मनोज और उसके परिवार के लोग पिंकी के छोटे कद को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। इसी विवाद को लेकर करीब दो वर्ष पहले पंचायत भी हुई थी। पंचायत के बाद कुछ समय तक मामला शांत रहा, लेकिन बाद में मनोज फिर दुबई चला गया। परिजनों का कहना है कि पत्नी के प्रति उसकी नाराजगी बनी रही, जो इस घटना की वजह बनी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जांच के दौरान घटनास्थल से आरोपित का जूता भी बरामद हुआ, जिसे महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए जब्त कर लिया गया है।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फरार आरोपित की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

|
आज का राशिफल

सुख-आनंद कारक समय है। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। सभा-गोष्ठियों में मान-सम्मान बढ़ेगा। धार्मिक आस्थाएं फलीभूत होंगी। निर्मूल शंकाओं के कारण मनस्ताप भी पैदा हो सकते है। सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। शुभांक-4-5-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 32°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़