मुंबई, 06 जुलाई।
महाराष्ट्र में जारी भारी बारिश के चलते राज्य विधानसभा का कामकाज पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने राज्य के बिगड़े हालात को देखते हुए यह फैसला लिया। सदन शुरू होने से पहले विपक्ष ने विधानभवन की सीढ़ियों पर जमकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
सदन में विपक्षी विधायक विजय बडेट्टीवार ने मानखुर्द में अवैध निर्माण गिरने से हुई छह लोगों की मौत का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। उन्होंने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि ठोस इंतजाम न होने की वजह से पूरे राज्य में मौतों का सिलसिला चल रहा है। उन्होंने मुंबई में पेड़ गिरने से तीन लोगों की मौत और मैनहोल में गिरने से एक व्यक्ति के निधन का जिक्र करते हुए सदन का कामकाज बंद करने की मांग की।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन बेहद संवेदनशील है और दोपहर के बाद तेज हवाओं से खतरा और बढ़ सकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे पिकनिक या झरनों वाली जगहों पर जाने से बचें। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह खुद राज्य आपदा प्रबंधन केंद्र जाकर स्थितियों की समीक्षा करेंगे।
मुख्यमंत्री ने सदन को विश्वास दिलाया कि सरकार की पूरी मशीनरी मुस्तैदी के साथ काम कर रही है और जोखिम वाले इलाकों से लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि कल सदन में वह इस पूरे मामले पर विस्तार से अपना वक्तव्य रखेंगे। विपक्षी नेताओं की मांग और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए अंततः अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए रोक दी।



















