लखनऊ, 06 जुलाई।
उत्तर प्रदेश की योगी कैबिनेट ने एक अहम फैसले में शाहजहांपुर के जलालाबाद कस्बे का नाम बदलकर अब परशुरामपुरी करने पर अपनी मुहर लगा दी है। संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना के अनुसार, यह ऐतिहासिक निर्णय स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर लिया गया है। पौराणिक ग्रंथों में जलालाबाद को भगवान परशुराम की जन्मस्थली के रूप में वर्णित किया गया है।
कैबिनेट बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली है। राज्य सरकार ने पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने के लिए सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत क्रीड़ाधिकारी और जिला युवा कल्याण अधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
बैठक में गोरखपुर और मुरादाबाद नगर निगमों के लिए म्यूनिसिपल बॉण्ड जारी करने की अनुमति दी गई है। साथ ही गोरखपुर में कर्मचारी राज्य बीमा निगम का 100 बेड का अस्पताल बनाने के लिए जमीन आवंटित करने का प्रस्ताव भी पास हो गया है। इसके अलावा, होमगार्ड जवानों और उनके आश्रितों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा को भी हरी झंडी दी गई है।
उत्तर प्रदेश की नई डाटा सेंटर नीति समेत प्रदेश के विकास से जुड़े कई अन्य अहम मुद्दों पर भी चर्चा के बाद मुहर लगा दी गई है। इस बैठक में लिए गए फैसलों से राज्य के विभिन्न वर्गों को लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



















