मंदसौर, 09 जुलाई।
मध्य प्रदेश के मंदसौर में अग्रसेन नगर (विस्तार) में भव्य श्री नागेश्वर पार्श्वनाथ जैन मंदिर के निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई। यह मंदिर प्रदीप गनेड़ीवाल परिवार द्वारा प्रदान की गई भूमि पर आचार्य विश्वरत्नसागरजी म.सा. की शुभ प्रेरणा से बनाया जाएगा।
गुरुवार को मंदिर निर्माण के शुभारंभ के लिए भव्य शिलान्यास महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अभिनंदन क्षेत्र के धमार्लुजन और मंदसौर नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आचार्य मुक्तिसागरसूरिश्वरजी म.सा., आचार्य अचल सागरजी म.सा., मुनिराज विरलरत्नजी म.सा., साध्वी शीलरेखा श्रीजी म.सा. ने मंदिर निर्माण की पावन निश्रा दी।
शिलान्यास महोत्सव का आयोजन श्री नागेश्वर पार्श्वनाथ जैन मंदिर ट्रस्ट अग्रसेन नगर और आराधना भवन जैन संघ नई आबादी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में शीला पूजन के मुख्य लाभार्थी शांतिलालजी ताराबाई बंबोरिया परिवार के विजय बंबोरिया रहे। इसके अलावा आठ अन्य परिवारों ने भी मुख्य लाभार्थी के साथ शीला पूजन में भाग लिया।
मंदिर में स्थापित होने वाली जीरावाला पार्श्वनाथ की प्रतिमा के लाभार्थी नलवाया परिवार पिपलोन वाला और श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ की प्रतिमा के लाभार्थी महेंद्र कुमार जैन, महेश जैन और दिपेश जैन तहलका परिवार ने भी शीलापूजन किया।
यह मंदिर लगभग 2800 वर्गफुट (63 x 40 फीट) क्षेत्र में गनेड़ीवाल परिवार द्वारा प्रदान की गई भूमि पर बन रहा है। मंदिर में श्री नागेश्वर पार्श्वनाथ की प्रतिकृति वाली भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिससे यह अग्रसेन नगर का प्रमुख धार्मिक केंद्र बन जाएगा।















