जोधपुर, 9 जुलाई।
जोधपुर के बनाड़ थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने पति और ससुर पर मारपीट करने तथा गर्म चिमटे से दागकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार खोखरिया सांसियों की ढाणी निवासी अंजलि सांसी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके पति अनिल और ससुर खींयाराम ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि दोनों ने उसे गर्म चिमटे से दागकर गंभीर रूप से प्रताड़ित किया, जिससे वह घायल हो गई।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि यह घटना 15 जून की है। घटना के बाद उसने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई।
बनाड़ थाना पुलिस ने महिला की रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















