भोपाल, 9 जुलाई।
राजधानी भोपाल में इस साल जनवरी से अब तक डेंगू, मलेरिया और चिकुनगुनिया के मरीज सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में अब तक मलेरिया के 4, डेंगू के 44 और चिकुनगुनिया के 9 मरीज मिले हैं।
डेंगू और चिकुनगुनिया की रोकथाम के लिए मलेरिया कार्यालय की ओर से लगातार सर्वे और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जनवरी से अब तक जिले में 2 लाख 24 हजार 434 घरों का सर्वे किया गया है।
सर्वे के दौरान 5 हजार 269 घरों में लार्वा पाया गया। टीमों ने 16 लाख 47 हजार 992 कंटेनरों की जांच की, जिनमें 5 हजार 776 कंटेनरों में लार्वा मिला। कार्रवाई के दौरान 2 हजार 181 कंटेनरों को खाली कराया गया, जबकि 3 हजार 595 कंटेनरों में लार्वीसाइड दवा डाली गई।
अधिकारियों के अनुसार जनवरी से अब तक 1 लाख 21 हजार 39 लोगों की मलेरिया जांच की गई, जिसमें 4 लोग पॉजिटिव मिले। वहीं 2 हजार 730 संभावित डेंगू मरीजों की जांच में 44 संक्रमित पाए गए। इसके अलावा 615 संभावित चिकुनगुनिया मरीजों की जांच में 9 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
मलेरिया विभाग की टीमें शहर के सभी जोन के वार्डों में लार्वा सर्वे का काम कर रही हैं। इसके साथ ही संजीवनी क्लीनिक, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में जाकर लोगों को मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत गुरुवार को 35 जनजातीय छात्रावासों में विद्यार्थियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभाग ने लोगों से घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने और साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की है।















