अपराध
10 Jul, 2026

नकली दवाओं के रैकेट का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

नकली जीवनरक्षक दवाओं के अंतरराज्यीय नेटवर्क का मुख्य सरगना गिरफ्तार होने के बाद पुलिस अब पूरे रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

नई दिल्ली, 10 जुलाई।

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नकली जीवनरक्षक दवाओं का निर्माण कर विभिन्न राज्यों में उनकी सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। कई महीनों से फरार चल रहे इस आरोपित को मुजफ्फरनगर से पकड़ा गया। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मुजफ्फरनगर निवासी मोहम्मद अकदस सिद्दीकी (28) के रूप में हुई है, जिसने दिल्ली स्थित जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बीबीए किया है। जांच में उसे पूरे सिंडिकेट का मुख्य साजिशकर्ता और संचालक पाया गया है।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त आदित्य गौतम ने बताया कि एक अप्रैल को नकली दवाएं बनाने वाली फैक्टरी पर छापेमारी के दौरान इस बड़े रैकेट का खुलासा हुआ था। उस कार्रवाई में कई आरोपित गिरफ्तार किए गए थे, लेकिन मोहम्मद अकदस मौके से फरार हो गया था। उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कराया गया। इसके बाद क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने तकनीकी निगरानी, स्थानीय मुखबिरों और लगातार फील्ड ऑपरेशन के जरिए उसकी लोकेशन का पता लगाया और आखिरकार उसे मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में इससे पहले नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और लखनऊ के दवा कारोबारी, सप्लायर, फर्जी जीएसटी फर्म उपलब्ध कराने वाले लोग, बैंक खाताधारक और अन्य सहयोगी शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि गिरोह कई राज्यों में सक्रिय था और सुनियोजित तरीके से नकली दवाओं का कारोबार चला रहा था।

जांच में यह भी पता चला कि गिरोह ने अत्याधुनिक तरीके से नकली दवाएं बनाने की फैक्टरी स्थापित कर रखी थी। यहां नामी दवा कंपनियों के नाम पर नकली दवाएं तैयार की जाती थीं। इसके लिए फर्जी पैकेजिंग, नकली लेबल, जाली ट्रेडमार्क, डाई, पंच सेट और असली जैसी दिखने वाली प्रिंटिंग सामग्री का इस्तेमाल किया जाता था, ताकि उपभोक्ता और दवा विक्रेता आसानी से धोखा खा जाएं। गिरोह एबॉट की स्टेमेटिल एमडी, इंटास की गैबापिन-एनटी, जोई-1, जोई एम-1 और जोई एम-2, टोरेंट की शेलकैल तथा जीएसके की सीसीएम सहित कई प्रमुख ब्रांडों के नाम पर नकली दवाएं तैयार करता था। इन दवाओं का उपयोग उल्टी, चक्कर, नसों के दर्द, डायबिटिक न्यूरोपैथी, विटामिन-बी12 की कमी, कैल्शियम की कमी और हड्डियों से जुड़ी गंभीर बीमारियों के उपचार में किया जाता है।

पुलिस का कहना है कि आरोपित बेहद कम लागत में नकली दवाएं तैयार कर उन्हें असली ब्रांडेड दवाओं के रूप में बाजार में बेचते थे। इनकी कीमत असली दवाओं की तुलना में करीब 60 प्रतिशत कम रखी जाती थी। सस्ती कीमत का लालच देकर इन्हें थोक और खुदरा कारोबारियों तक पहुंचाया जाता था। इसी तरीके से गिरोह ने कम समय में कई राज्यों में अपना नेटवर्क फैलाकर लाखों रुपये का अवैध मुनाफा कमाया।

क्राइम ब्रांच के अनुसार, यह गिरोह सिर्फ दवा कंपनियों को आर्थिक नुकसान नहीं पहुंचा रहा था, बल्कि लोगों के जीवन से भी खिलवाड़ कर रहा था। बाजार में बेची जा रही नकली दवाओं में गुणवत्ता, प्रभावशीलता और सुरक्षा के वे मानक नहीं थे, जो कानून के तहत अनिवार्य हैं। ऐसे में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए ये दवाएं बेहद खतरनाक साबित हो सकती थीं। पुलिस अब इस रैकेट से जुड़े कच्चा माल उपलब्ध कराने वालों, नकली पैकेजिंग तैयार करने वालों, ट्रांसपोर्टरों, वितरकों, थोक एवं खुदरा दवा विक्रेताओं और आर्थिक लाभ लेने वाले अन्य लोगों की पहचान में जुटी है।

|
आज का राशिफल

कुछ प्रतिकूल गोचर का क्षोभ दिन-भर रहेगा। सुबह-सुबह की महत्वपूूर्ण सिद्घि के बाद दिन-भर उत्साह बना रहेगा। किसी लाभदायक कार्य के लिए व्ययकारक स्थितियां पैदा होंगी। ज्ञान-विज्ञान की वृद्घि होगी और सज्जनों का साथ भी रहेगा। मनोरथ सिद्घि का योग है। मेहमानों का आगमन होगा। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

26° / 32°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़