सोनीपत, 16 जुलाई।
देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के स्वागत के लिए गोहाना रेलवे जंक्शन पूरी तरह तैयार है। ऐतिहासिक क्षण को और अधिक यादगार बनाने के लिए गुरुवार को रेलवे परिसर में एक विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने अपनी धर्मपत्नी डॉ. रीता शर्मा और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर झाड़ू लगाई और स्टेशन परिसर को चकाचक किया।
कैबिनेट मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि भारत के लिए यह हाइड्रोजन ट्रेन का आगमन आधुनिक इतिहास का एक स्वर्णिम पल है। अतिथि के स्वागत की भारतीय परंपरा का पालन करते हुए उन्होंने पूरे जंक्शन को सजाने-संवारने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में भारत हरित ऊर्जा की दिशा में लंबी छलांग लगा रहा है।
इस परियोजना के धरातल पर उतरने से गोहाना को अब वैश्विक पहचान मिलेगी। यह शहर आने वाले समय में स्वच्छ और आधुनिक परिवहन व्यवस्था के एक नए केंद्र के रूप में उभरेगा। प्रधानमंत्री 17 जुलाई को जींद से इस इको-फ्रेंडली ट्रेन का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे।
इस शुभारंभ के दौरान जींद में एक विशाल इको-फ्रेंडली रैली का भी आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर के गवाह बनने के लिए बड़ी संख्या में जनभागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। मंत्री ने कार्यकर्ताओं से इस गौरवशाली पल में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया है।













