पटना, 16 जुलाई।
राजधानी में बंटी यादव हत्याकांड के मुख्य सूत्रधार रवीश उर्फ बसिया को पटना पुलिस ने एक रोमांचक मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। गुरुवार सुबह बुद्ध कॉलोनी थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में अपराधी के पैर में गोली लगी है।
पुलिस के अनुसार, रवीश नाव के जरिए नेपाल भागने की फिराक में था। गुप्त सूचना पर घेराबंदी की गई तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ गोलियां चलाईं, जिससे वह घायल हो गया। उसे तत्काल पीएमसीएच में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि 7 जुलाई को कोतवाली क्षेत्र से एक व्यक्ति का अपहरण हुआ था, जिसका शव बाद में अथमलगोला में मिला था। इस मामले की जांच के लिए गठित विशेष टीम लगातार आरोपित की तलाश में जुटी थी।
घटनास्थल से एक देशी कट्टा, कारतूस और खोखा बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह हत्या वर्चस्व की जंग का नतीजा लग रही है। फिलहाल गिरोह के अन्य फरार साथियों की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी चल रही है।













