शिमला, 17 जुलाई।
शिमला जिले के चिड़गांव थाना क्षेत्र से बीते दिनों लापता हुए 14 वर्षीय किशोर के मामले में बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। घर से बिना बताए निकले इस लड़के को पुलिस ने पांच दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद जांगला क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है।
किशोर 11 जुलाई को अपने घर से अचानक चला गया था। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं कोई सुराग न मिलने पर उन्होंने 14 जुलाई को पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच की कमान संभाली।
तलाश के दौरान पुलिस ने आसपास के इलाकों में छानबीन की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। शुक्रवार को पुलिस टीम को कामयाबी मिली और उन्होंने लड़के को सुरक्षित ढूंढ लिया।
सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने किशोर को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया है। बच्चे के सुरक्षित घर लौटने से परिजनों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।












