भोपाल, 17 जुलाई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में संचालित शासकीय सांदीपनि विद्यालय गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा के केंद्र बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में उपलब्ध बेहतर सुविधाओं के कारण अब विद्यार्थी निजी स्कूलों से निकलकर सरकारी सांदीपनि विद्यालयों में प्रवेश ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को कटनी जिले के स्लीमनाबाद में झिंझरी और बहोरीबंद सांदीपनि विद्यालयों के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सर्वसुविधायुक्त विद्यालय विकसित कर रही है। भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा के प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सांदीपनि परंपरा शिक्षा, समरसता और संस्कारों का संदेश देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को नि:शुल्क पुस्तकें और साइकिलें उपलब्ध कराई जा रही हैं। बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप तथा विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी देने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में गुरुपूर्णिमा महोत्सव भी विशेष रूप से मनाया जाएगा।
उन्होंने झिंझरी और बहोरीबंद में बने नए सांदीपनि विद्यालयों का उल्लेख करते हुए कहा कि झिंझरी विद्यालय का निर्माण 38 करोड़ 61 लाख रुपये तथा बहोरीबंद विद्यालय का निर्माण 35 करोड़ 63 लाख रुपये से अधिक की लागत से हुआ है। इन विद्यालयों में गुरुकुल परंपरा और आधुनिक डिजिटल शिक्षा का समन्वय किया गया है।
मुख्यमंत्री ने स्लीमनाबाद टनल परियोजना को बघेलखंड और बुंदेलखंड क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी सौगात बताया। उन्होंने कहा कि लगभग 1400 करोड़ रुपये की इस परियोजना से रीवा, सतना, मैहर, पन्ना और कटनी जिलों में सिंचाई एवं पेयजल की उपलब्धता बढ़ेगी। साथ ही केन-बेतवा लिंक परियोजना और पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) परियोजना से भी प्रदेश के कई जिलों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही कटनी में स्लीमनाबाद टनल परियोजना का लोकार्पण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि विधानसभा के आगामी वर्षाकालीन सत्र में प्रदेश सरकार समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का विधेयक लाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि वर्षाकालीन सत्र से पहले जगदीशपुर में मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित कर यूसीसी के मसौदे को मंजूरी दी जाएगी।
उन्होंने घोषणा की कि रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत हितग्राहियों के बैंक खातों में 1500 रुपये की राशि अंतरित की जाएगी। कार्यक्रम को सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, विधायक संजय पाठक, विधायक वीरेंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।













