रक्षा व सुरक्षा
17 Jul, 2026

25 लाख का इनामी हार्डकोर माओवादी अजय महतो गिरफ्तार

गिरिडीह पुलिस और केंद्रीय सुरक्षाबलों की संयुक्त कार्रवाई में 25 लाख रुपये के इनामी माओवादी अजय महतो को गिरफ्तार किया गया है, जिससे माओवादी नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासों की उम्मीद है।

रांची, 17 जुलाई।

गिरिडीह पुलिस और केंद्रीय सुरक्षाबलों के संयुक्त अभियान में 25 लाख रुपये के इनामी माओवादी अजय महतो उर्फ टाइगर को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) का सक्रिय सदस्य अजय महतो लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है, जिससे संगठन के नेटवर्क और अन्य गतिविधियों से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) नरेंद्र कुमार सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए इसे झारखंड पुलिस और केंद्रीय सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता बताया। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान माओवादी संगठन के सक्रिय सदस्यों, हथियारों की आपूर्ति, आईईडी नेटवर्क और भविष्य की गतिविधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की संभावना है।

पुलिस के अनुसार अजय महतो बिहार-झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी (बीजेएसएसी) का सक्रिय सदस्य था। वह गिरिडीह जिले के पीरटांड़ प्रखंड के पांडेडीह गांव का निवासी है। उसके खिलाफ झारखंड पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की ओर से कुल 25 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, पुलिस और सुरक्षाबलों पर हमले, आईईडी विस्फोट, लेवी वसूली, आर्म्स एक्ट और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) सहित विभिन्न धाराओं में 200 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से सारंडा, कोल्हान, पश्चिमी सिंहभूम और आसपास के क्षेत्रों में माओवादी गतिविधियों के संचालन, आईईडी लगाने, कैडरों के प्रबंधन और सुरक्षाबलों पर हमलों की रणनीति बनाने में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है।

जांच एजेंसियों के अनुसार पिछले छह वर्षों के दौरान झारखंड के कोल्हान और सारंडा क्षेत्र में हुई कई बड़ी नक्सली घटनाओं में उसकी संलिप्तता सामने आई है। वर्ष 2020 में पुलिस मुखबिरी के आरोप में ग्रामीण की हत्या और वन विभाग कार्यालय को आईईडी से उड़ाने की घटना से लेकर वर्ष 2021 और 2022 में सुरक्षाबलों पर हुए कई हमलों और विस्फोटों में उसका नाम सामने आया।

वर्ष 2023 में तुम्बाहाका और मेरालगढ़ा क्षेत्र में आईईडी विस्फोटों में कोबरा बटालियन के कई जवान घायल हुए थे। इसी वर्ष विस्फोटक भंडार लूट, टोंटो क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान झारखंड जगुआर के सब-इंस्पेक्टर अमित तिवारी और आरक्षी गौतम कुमार की शहादत तथा हाथीबुरू क्षेत्र में स्पाइक होल विस्फोट जैसी घटनाओं में भी उसकी भूमिका जांच में सामने आई।

वर्ष 2024 और 2025 के दौरान भी उस पर पुलिस मुखबिरी के आरोप में ग्रामीणों की हत्या, सुरक्षाबलों पर आईईडी हमलों और मुठभेड़ों में शामिल रहने के आरोप लगे। अक्टूबर 2025 में समठा वन क्षेत्र में हुए आईईडी विस्फोट में कोबरा बटालियन का प्रशिक्षित खोजी श्वान भी शहीद हो गया था।

मार्च 2026 में मारंगपोंगा और किनबीर के जंगलों में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ों तथा इसके बाद हुए आईईडी विस्फोटों में भी सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी भूमिका होने की बात कही है। जांच एजेंसियों के अनुसार अजय महतो संगठन का प्रमुख आईईडी विशेषज्ञ माना जाता था। वह विस्फोटक लगाने, हथियारों और गोला-बारूद की आपूर्ति, लेवी वसूली, नए कैडरों को प्रशिक्षण देने तथा बड़े हमलों की रणनीति तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से सारंडा, कोल्हान, गिरिडीह और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। फिलहाल उससे संगठन के अन्य सदस्यों, हथियारों की आपूर्ति श्रृंखला, आईईडी निर्माण, वित्तीय स्रोतों और भविष्य की योजनाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इससे नक्सल विरोधी अभियान को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

|
आज का राशिफल

परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। पर प्रपंच में ना पड़कर काम पर ध्यान दीजिए। कल का परिश्रम आज लाभ देगा। आलस्य का त्याग करें। कारोबारी काम में नवीन तालमेल और समन्वय बन जाएगा। यार-दोस्तों के साथ साझे में किए जा रहे काम में लाभ मिल जाएगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

26° / 31°

Cloudy

ट्रेंडिंग न्यूज़