शिवपुरी, 17 जुलाई।
मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक नरवर किले से सिंधिया काल की लगभग 400 वर्ष पुरानी एक दुर्लभ तोप लूटे जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार करीब 30 हथियारबंद बदमाश किले में पहुंचे, जहां उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को धमकाया और ऐतिहासिक तोप को वाहन में लादकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस और पुरातत्व विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह तोप अंतरराष्ट्रीय एंटीक तस्करों के निशाने पर थी और इसकी कीमत अवैध अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। बताया गया है कि करीब 10 दिन पहले बदमाशों ने तोप को उसके निर्धारित स्थान से नीचे गिरा दिया था, जिससे चोरी की तैयारी के संकेत मिले थे। आरोप है कि इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में कोई विशेष बदलाव नहीं किया गया।
घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षाकर्मी बालकिशन ने बताया कि बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात बड़ी संख्या में हथियारबंद लोग किले में पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को जान से मारने की धमकी दी। सुरक्षाकर्मी के अनुसार उनके पास सुरक्षा के लिए केवल एक डंडा था और पर्याप्त संसाधन भी उपलब्ध नहीं थे, जिसके कारण बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक 5 जुलाई को भी बदमाशों ने ओपन कचहरी में रखी भारी तोप को नीचे गिराने का प्रयास किया था, लेकिन अधिक वजन होने के कारण उसे ले नहीं जा सके। इसके बाद 15-16 जुलाई की रात वे लोडिंग वाहन के साथ लौटे और तोप लेकर फरार हो गए। किले के पिछले दुर्गम रास्ते पर वाहन के टायरों के निशान भी मिले हैं।
नरवर किले की ओपन कचहरी में पहले सिंधिया काल की 14 ऐतिहासिक तोपें रखी थीं। इस घटना के बाद अब वहां 13 तोपें शेष बची हैं। ये तोपें पीतल, तांबा, कांसा और अष्टधातु जैसी मिश्रित धातुओं से निर्मित हैं तथा इन पर सिंधिया राजवंश के राजचिह्न और फारसी व देवनागरी लिपि में अभिलेख अंकित हैं।
एसडीओपी करैरा प्रशांत शर्मा ने बताया कि तोप चोरी के मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की तलाश कर रही है।
राज्य पुरातत्व विभाग के डिप्टी डायरेक्टर तरुण कुमार महोबिया ने कहा कि मामला अत्यंत गंभीर है। उन्होंने स्वयं नरवर किले का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर तोप की शीघ्र बरामदगी के प्रयास तेज करने की बात कही।













