शिमला, 17 जुलाई।
राजधानी शिमला से पांच दिन पहले लापता हुए नाबालिग भाई-बहन का आखिरकार पता चल गया है। बालूगंज थाना क्षेत्र से घर छोड़कर निकले ये दोनों बच्चे राजस्थान के श्रीगंगानगर में सुरक्षित मिले हैं। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्चों को बरामद कर उन्हें उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया है।
परिजनों ने 12 जुलाई को बच्चों के गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पूछताछ में सामने आया कि घर में मिली डांट से नाराज होकर भाई-बहन ने यह कदम उठाया था। पहले वे पंजाब में अपने एक दोस्त के घर गए, फिर वहां से किसी की मदद लेकर श्रीगंगानगर पहुंच गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिमला पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया था। पुलिस ने आईएसबीटी के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें बच्चे चंडीगढ़ की बस में जाते दिखे। इसके बाद पंजाब और राजस्थान पुलिस के सहयोग से तकनीकी निगरानी और मानव स्रोतों के आधार पर उनका सुराग लगाया गया।
एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर बच्चों को परिवार से मिला दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए खुद को तलाशने की जानकारी मिलने पर वे राजस्थान चले गए थे। फिलहाल बच्चों के सुरक्षित घर लौटने से उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है।












