भोपाल, 17 जुलाई।
मध्य प्रदेश के जेल विभाग में लगभग 10 वर्ष बाद 40 अधिकारियों को पदोन्नति दी गई है। शासन के पदोन्नति संबंधी निर्णय के तहत जेल मुख्यालय ने सहायक जेल अधीक्षकों को उप जेल अधीक्षक के पद पर पदोन्नत करने के आदेश जारी किए हैं।
जेल विभाग के जनसंपर्क अधिकारी राजेश दाहिमा ने बताया कि पदोन्नत अधिकारियों की नए पदों पर पदस्थापना की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। लंबे समय बाद हुई इस पदोन्नति से विभागीय अधिकारियों में उत्साह का माहौल है। विभाग का मानना है कि इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली और कार्यक्षमता को और अधिक मजबूती मिलेगी।
जेल मुख्यालय में आयोजित समारोह में महानिदेशक जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं डॉ. वरुण कपूर ने पदोन्नत अधिकारियों को नई रैंक प्रदान की। इस दौरान उन्होंने ज्योति तिवारी, हरीश आर्य, दिलीप नायक और राकेश कुमार मिहोरिया की वर्दी पर अशोक चिन्ह लगाकर उन्हें उप जेल अधीक्षक की रैंक प्रदान की।
डॉ. वरुण कपूर ने पदोन्नत अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान ही नहीं बल्कि नई जिम्मेदारियों का अवसर भी है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा जेल एवं सुधारात्मक सेवाओं को अधिक प्रभावी, संवेदनशील और परिणामोन्मुख बनाने में योगदान देंगे।
समारोह में विशेष महानिदेशक जी. अखेतो सेमा, अतिरिक्त महानिरीक्षक संजय पांडे, उपमहानिरीक्षक मंशाराम पटेल, केंद्रीय जेल अधीक्षक दिनेश नरगावे सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।













