राजनीति
17 Jul, 2026

बिदादी टाउनशिप परियोजना के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन

बेंगलुरु में भाजपा ने बिदादी टाउनशिप परियोजना का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया और किसानों की जमीन अधिग्रहण के प्रयासों का आरोप लगाते हुए राज्य सरकार से परियोजना वापस लेने की मांग की।

बेंगलुरु, 17 जुलाई।

कर्नाटक सरकार की प्रस्तावित बिदादी टाउनशिप परियोजना के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, किसानों और महिला किसानों ने भाग लेकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने आरोप लगाया कि किसानों के विरोध के बावजूद सरकार निजी हितों को ध्यान में रखकर परियोजना को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो इस परियोजना को निरस्त किया जाएगा। साथ ही किसानों पर दर्ज मामलों को वापस नहीं लेने पर पुलिस थानों के घेराव की चेतावनी भी दी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार रियल एस्टेट हितों को प्राथमिकता देते हुए किसानों की जमीन का अधिग्रहण करना चाहते हैं। उन्होंने किसानों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि उनकी सहमति के बिना भूमि अधिग्रहण स्वीकार नहीं किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने राज्य सरकार को "लैंड माफिया सरकार" बताते हुए कहा कि पहले से शुरू कई आवासीय योजनाएं पूरी नहीं हो सकी हैं। ऐसे में नई टाउनशिप परियोजना शुरू करने का कोई औचित्य नहीं है।

विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष चलवाडी नारायणस्वामी ने आरोप लगाया कि बेंगलुरु के आसपास बड़ी मात्रा में कृषि भूमि अधिग्रहित करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि विकास परियोजनाओं का विस्तार राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी किया जाना चाहिए।

विधान परिषद सदस्य सी.टी. रवि ने कहा कि राज्य इस समय सूखे जैसी गंभीर परिस्थितियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय सरकार को किसानों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देनी चाहिए, लेकिन इसके बजाय टाउनशिप परियोजना पर जोर दिया जा रहा है।

प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा, डी.वी. सदानंद गौड़ा, सुरेश कुमार, श्रीरामुलु सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के अलावा बड़ी संख्या में किसान भी शामिल हुए।

|
आज का राशिफल

परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। पर प्रपंच में ना पड़कर काम पर ध्यान दीजिए। कल का परिश्रम आज लाभ देगा। आलस्य का त्याग करें। कारोबारी काम में नवीन तालमेल और समन्वय बन जाएगा। यार-दोस्तों के साथ साझे में किए जा रहे काम में लाभ मिल जाएगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

26° / 31°

Cloudy

ट्रेंडिंग न्यूज़