नवादा, 17 जुलाई।
रजौली थाना क्षेत्र के महरई मोहल्ले में शराब तस्करी के संदेह को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। शुक्रवार को दो पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट और पथराव में चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ से एक की नाजुक हालत देख उसे पावापुरी रेफर कर दिया गया है।
पीड़ित रोशन कुमार ने बताया कि जब वह नदी किनारे था, तभी आरोपित मोहित साव ने अपने साथियों के साथ आकर उस पर मुखबिरी का आरोप लगाया और हमला कर दिया। इसके बाद जब रोशन के चाचा संजीत कुमार शिकायत करने आरोपित के घर पहुंचे, तो मामला फिर से गरमा गया। यहाँ दोनों पक्षों के बीच पथराव और मारपीट हुई।
परिजनों का यह भी आरोप है कि संजीत को गोली मारी गई है, हालांकि चिकित्सकों ने कहा कि इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही संभव है। घटना की जानकारी मिलने के बाद रजौली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और गश्त बढ़ा दी गई है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। लिखित शिकायत प्राप्त होते ही पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।













