शिमला, 17 जुलाई।
शिमला पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 28.5 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इन मामलों में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। एक कार्रवाई में 12,100 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं, जबकि एक वाहन को कब्जे में लिया गया है। सभी मामलों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक 15 जुलाई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर थाना जुब्बल की टीम ने हाटकोटी क्षेत्र में एक वाहन की तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन के डैशबोर्ड में छिपाकर रखा गया करीब 8.5 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इस मामले में जुब्बल निवासी 28 वर्षीय मोहित कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने वाहन को भी कब्जे में ले लिया। अदालत में पेशी के बाद आरोपित को 18 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
इसी दिन जुब्बल पुलिस ने सरस्वती नगर क्षेत्र के एक निजी स्थान पर छापेमारी की। यहां से जिला बिलासपुर के घुमारवीं निवासी 26 वर्षीय रविन्द्र कुमार के कब्जे से करीब 10 ग्राम चिट्टा और 12,100 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में यह राशि नशीले पदार्थों की बिक्री से अर्जित धनराशि प्रतीत हो रही है। आरोपित को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 18 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
एक अन्य कार्रवाई में 14 जुलाई को स्पेशल सेल शिमला ने पुलिस चौकी शोघी के पास एक वाहन की तलाशी लेकर 10 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की। गुप्त सूचना के आधार पर रामपुर निवासी प्रीतम वर्मा के वाहन को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान उसके बैग से करीब 10 ग्राम चिट्टा मिला, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में आरोपित को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस तीनों मामलों में यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। सभी मामलों की जांच जारी है।













