पांवटा साहिब, 17 जुलाई।
पांवटा साहिब थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां बिजली का करंट लगने से एक गाय की मौत हो गई। इस घटना में दो अन्य गायें गंभीर रूप से बेहोश हो गईं। पीड़ित पशुपालक ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।
किशनपुरा गांव के निवासी दीपक कुमार ने बताया कि उनके घर के पास स्थित पशुशाला में बंधी तीन गायें अचानक करंट की चपेट में आ गईं। जानवरों की तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे दीपक और अन्य लोगों ने रस्सियां खोलने की कोशिश की, लेकिन उन्हें भी करंट के झटके लगे।
काफी मशक्कत के बाद रस्सियां काटकर पशुओं को अलग किया गया, लेकिन तब तक एक गाय ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि हादसे के असली कारणों का पता लगाया जा सके।












