बड़वानी, 17 जुलाई।
मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में बड़वानी जनपद पंचायत के नर्मदा पट्टी क्षेत्र की बिजासन और अमराली ग्राम पंचायतों की 150 से अधिक महिलाओं ने शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर उचित मूल्य दुकान के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि पिछले दो माह से उन्हें नियमित रूप से राशन नहीं मिल रहा है और दुकान संचालक का व्यवहार भी अभद्र है। प्रदर्शन के बाद उन्होंने खाद्य विभाग को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने खाद्य अधिकारी भरत सिंह जमरे को दिए ज्ञापन में बताया कि बिजासन में 'मां सरस्वती स्व-सहायता समूह' के नाम से संचालित उचित मूल्य दुकान का संचालन नियमानुसार समूह की महिला सदस्य के बजाय उसके पति द्वारा किया जा रहा है। महिलाओं ने इसे नियमों के विरुद्ध बताते हुए संबंधित व्यक्ति को हटाने की मांग की।
महिलाओं का आरोप है कि पिछले दो महीनों से नियमित राशन वितरण नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि दुकान हर माह 10 तारीख के बाद केवल दो-तीन दिन के लिए खुलती है, जिससे कई पात्र हितग्राही राशन लेने से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार पहले ही राशन पर्चियां निकाल ली जाती हैं और सीमित लोगों को प्राथमिकता देकर वितरण किया जाता है, जिसके कारण अनेक हितग्राहियों का राशन लैप्स हो जाता है।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने बताया कि राशन लेने के लिए उन्हें घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है, लेकिन कई बार बिना राशन लिए ही लौटना पड़ता है। इससे उनकी दिहाड़ी प्रभावित होती है और परिवार के सामने खाद्यान्न की समस्या खड़ी हो जाती है।
महिलाओं ने दोषी संचालक के खिलाफ कार्रवाई, लैप्स हुए राशन का वितरण सुनिश्चित करने और उचित मूल्य दुकान का संचालन नियमों के अनुसार कराने की मांग की। खाद्य अधिकारी भरत सिंह जमरे ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।













