मध्य प्रदेश
17 Jul, 2026

कमरे में बंद मिली बुजुर्ग महिला, जांच में जुटी पुलिस

आगर मालवा के सुसनेर में कमरे में बंद मिली बुजुर्ग महिला को पुलिस ने बाहर निकालकर परिजनों से पूछताछ की और समझाइश के बाद तीसरे बेटे के साथ भेज दिया।

आगर मालवा, 17 जुलाई।

मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के सुसनेर नगर में शुक्रवार को एक बुजुर्ग महिला के कमरे में बंद मिलने का मामला सामने आया। वार्ड क्रमांक-5 स्थित कल्याण जीन क्षेत्र में पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे का ताला खुलवाकर महिला को बाहर निकाला और मामले की जांच शुरू कर दी।

बुजुर्ग महिला की पहचान कौशल्या बाई के रूप में हुई है। आरोप है कि उन्हें पिछले करीब दो माह से कमरे में रखा गया था। हालांकि, इस मामले में पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और परिजनों का पक्ष भी सामने आया है।

स्थानीय लोगों की सूचना पर नगर परिषद अध्यक्ष प्रदीप सोनी और पार्षद प्रतिनिधि पवन शर्मा मौके पर पहुंचे। परिजनों से चाबी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का ताला खुलवाया और महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर पूछताछ के लिए थाने ले गई। इस दौरान उनके दोनों बेटों और बहुओं को भी बुलाया गया।

पूछताछ के दौरान परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह कई बार बिना बताए घर से चली जाती थीं। वहीं, पार्षद प्रतिनिधि पवन शर्मा का दावा है कि महिला सामान्य रूप से बातचीत कर रही थीं और उन्होंने अपना तथा परिवार के सदस्यों का परिचय भी दिया। नगर परिषद अध्यक्ष प्रदीप सोनी ने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार महिला करीब दो महीने से कमरे में रह रही थीं, हालांकि उनके भोजन और अन्य आवश्यक जरूरतों की व्यवस्था की जा रही थी।

थाने में पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों से चर्चा और समझाइश के बाद आपसी सहमति से बुजुर्ग महिला को उनके तीसरे बेटे गणेश के साथ भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

|
आज का राशिफल

परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। पर प्रपंच में ना पड़कर काम पर ध्यान दीजिए। कल का परिश्रम आज लाभ देगा। आलस्य का त्याग करें। कारोबारी काम में नवीन तालमेल और समन्वय बन जाएगा। यार-दोस्तों के साथ साझे में किए जा रहे काम में लाभ मिल जाएगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

26° / 31°

Cloudy

ट्रेंडिंग न्यूज़