मंडला, 17 जुलाई।
मध्य प्रदेश के मंडला जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर शुक्रवार सुबह बबैहा के पास मार्बल से लदी बोलेरो पिकअप और ट्राले की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही टिकरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जबलपुर के कटंगी बाईपास निवासी 26 वर्षीय रोहित दुबे को मृत घोषित कर दिया। वहीं, जबलपुर के आगा चौक निवासी 20 वर्षीय अमन रैकवार का उपचार जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बोलेरो पिकअप जबलपुर से मार्बल लेकर मंडला की ओर जा रही थी। इसी दौरान बबैहा के पास सामने से आ रहे ट्राले से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ देर तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। टिकरिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।













