शिमला, 17 जुलाई।
शिमला पुलिस ने शहर के एक निजी होटल में छापेमारी कर करीब 21 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। मामले में पंजाब के लुधियाना निवासी तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान 18 वर्षीय आकाश, 19 वर्षीय सागर सिंह और 23 वर्षीय अंकित कुमार के रूप में हुई है। अदालत में पेशी के बाद तीनों को 20 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक 15 जुलाई को मिली विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर स्पेशल सेल शिमला और पुलिस थाना सदर की संयुक्त टीम ने शहर के एक निजी होटल के कमरे में दबिश दी। तलाशी के दौरान कमरे में तकिये के नीचे छिपाकर रखा गया करीब 21 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तीनों आरोपित आपसी मिलीभगत से यह मादक पदार्थ पंजाब से शिमला लेकर आए थे। पुलिस का कहना है कि आरोपित इसकी बिक्री स्थानीय युवाओं के बीच करने की तैयारी में थे।
इस मामले में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 20 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपितों के तार किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं और इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका भी रही है या नहीं।













