नई दिल्ली, 17 जुलाई।
राजधानी में यूपीएससी की तैयारी कर रही छात्रा के साथ हुई दरिंदगी के बहुचर्चित मामले में दिल्ली पुलिस ने जांच पूरी कर ली है। पुलिस ने गुरुवार को अदालत में 973 पन्नों की एक विस्तृत चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें 23 वर्षीय आरोपित राहुल कुमार मीणा के खिलाफ पुख्ता सबूत पेश किए गए हैं।
यह खौफनाक वारदात 22 अप्रैल को ईस्ट ऑफ कैलाश की कैलाश हिल्स में अंजाम दी गई थी। छात्रा अपने घर में मृत पाई गई थी, जिसके बाद जांच में दुष्कर्म और हत्या की पुष्टि हुई। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद घर से कीमती सामान भी लूटा था।
पुलिस ने इस मामले में वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों को आधार बनाया है। जांच के दौरान 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया, जिससे आरोपी के भागने का पूरा रूट पता चला। घटनास्थल का पुनर्निर्माण (रीकंस्ट्रक्शन) किया गया और आरोपी का बिहेवियरल एनालिसिस भी कराया गया।
सबसे अहम साक्ष्य के रूप में डीएनए रिपोर्ट और फिंगरप्रिंट का मिलान आरोपी से हो गया है। पुलिस ने मामले में 82 गवाहों को सूचीबद्ध किया है। अब 18 जुलाई को अदालत में इस मामले की अगली सुनवाई होगी, जहाँ अभियोजन पक्ष आरोपी को कड़ी सजा दिलाने के लिए मजबूती से पैरवी करेगा।













