शिमला, 17 जुलाई।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत विभिन्न स्नातकोत्तर (पीजी) और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की मेरिट सूची और परिणाम जारी करने की तिथि घोषित कर दी है। अब 18 जुलाई को परिणाम सार्वजनिक किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय के डीन ऑफ स्टडीज कार्यालय ने बताया कि पूर्व में 8 जुलाई को जारी निर्देशों के तहत काउंसलिंग और साक्षात्कार के परिणाम रोके गए थे। यह समय उन छात्रों को राहत देने के लिए दिया गया था, जिनके ग्रेजुएशन के परिणाम आने शेष थे। अब यह निर्धारित अवधि पूरी हो चुकी है।
सभी विभागाध्यक्षों और निदेशकों को स्पष्ट निर्देश दे दिए गए हैं कि वे 18 जुलाई को तय कार्यक्रम के अनुसार प्रवेश परिणाम घोषित करें। विश्वविद्यालय ने इसकी औपचारिक स्वीकृति भी प्रदान कर दी है, जिससे अब सभी विभागों में दाखिला प्रक्रिया में तेजी आएगी।
प्रवेश के लिए आवेदन कर चुके अभ्यर्थी 18 जुलाई से संबंधित विभागों की आधिकारिक सूचनाओं के माध्यम से अपनी मेरिट और परिणाम देख सकेंगे। विश्वविद्यालय की ओर से अब सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं, जिससे छात्रों का लंबा इंतजार खत्म होने वाला है।












