उमरिया, 17 जुलाई।
उमरिया जिले के उमडार डैम में नहाने के दौरान डूबे 22 वर्षीय युवक शिवम का शव करीब 24 घंटे तक चले संयुक्त रेस्क्यू अभियान के बाद शुक्रवार को बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, शिवम गुरुवार को अपने तीन दोस्तों के साथ उमडार डैम घूमने पहुंचा था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया।
हादसे के बाद उमरिया, शहडोल और जबलपुर की एसडीआरएफ तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने तलाश अभियान शुरू किया। 20 से अधिक सदस्यों ने गोताखोरों, आधुनिक उपकरणों और तीन नावों की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। शुक्रवार दोपहर गोताखोरों ने डैम की गहराई से शिवम का शव बाहर निकाला। इसके साथ ही लगभग एक दिन से जारी रेस्क्यू अभियान समाप्त हो गया।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।













