डूंगरपुर, 17 जुलाई।
डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना अंतर्गत खड़गदा गांव में एक छात्रा की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। दो दिनों से लापता 11वीं कक्षा की इस छात्रा का शव शुक्रवार को गांव के ही एक कुएं में तैरता हुआ पाया गया, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव का एक व्यक्ति अपने खेत पर कुएं की मोटर चालू करने पहुंचा था, तभी उसने पानी में शव देखा। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सागवाड़ा पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
मृतका की पहचान 17 वर्षीय लक्ष्मी ननोमा के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वह दो दिनों से लापता थी और वे लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। पुलिस ने शव को सागवाड़ा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस इस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।













