अपराध
17 Jul, 2026

पत्नी और प्रेमी की साजिश में युवक की सिर काटकर हत्या

किशनगंज के युवक की बागडोगरा में सिर काटकर हत्या के मामले में पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी और तीन अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले की जांच तेज कर दी है।

किशनगंज, 17 जुलाई।

किशनगंज जिले के पोठिया निवासी एक युवक की पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के बागडोगरा क्षेत्र में सिर काटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और तीन अन्य आरोपितों समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे अवैध संबंध और आपसी विवाद की बात सामने आई है। पुलिस तंत्र-मंत्र से जुड़े पहलू की भी जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई को बागडोगरा के हंसखोया चाय बागान के सेक्शन-9 में मजदूरों ने सिर कटा शव देखा, जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। बाद में मृतक की पहचान किशनगंज के पोठिया निवासी इमाम के रूप में हुई।

जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी मोमिना बेगम ने पेट दर्द और तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर इमाम को किशनगंज से बागडोगरा बुलाया था। वहां पहुंचने के बाद पहले से घात लगाए आरोपितों ने उसका अपहरण कर लिया और हंसखोया चाय बागान में ले  जाकर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव से सिर अलग कर दिया गया। शव को चाय बागान में छोड़ दिया गया, जबकि सिर और हत्या में इस्तेमाल हथियार को फांसीदेवा क्षेत्र के मुंशीबारी गांव के पास सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया।

बाद में पुलिस ने सिर और हत्या में प्रयुक्त हथियार दोनों बरामद कर लिए। जांच में यह भी सामने आया कि मोमिना बेगम और उसके प्रेमी सुदीप पाल के बीच पिछले सात वर्षों से प्रेम संबंध थे। इमाम द्वारा इस संबंध का विरोध किए जाने पर दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। वारदात में सुदीप के दो भतीजे और एक अन्य सहयोगी भी शामिल थे।

बताया गया कि इमाम और मोमिना की शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी और उनके चार बच्चे हैं। पिछले कुछ वर्षों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था, जिसके बाद मोमिना अपने दो बच्चों के साथ बागडोगरा स्थित मायके में रह रही थी। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

|
आज का राशिफल

परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। पर प्रपंच में ना पड़कर काम पर ध्यान दीजिए। कल का परिश्रम आज लाभ देगा। आलस्य का त्याग करें। कारोबारी काम में नवीन तालमेल और समन्वय बन जाएगा। यार-दोस्तों के साथ साझे में किए जा रहे काम में लाभ मिल जाएगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

26° / 31°

Cloudy

ट्रेंडिंग न्यूज़