भोपाल, 17 जुलाई।
मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने शुक्रवार को भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और जनहित से जुड़े मामलों की जानकारी ली।
जनसुनवाई के दौरान मंत्री कुशवाह ने प्राप्त आवेदनों और शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उन्हें आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता की समस्याएं शासन तक पहुंचती हैं, इसलिए प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाएगा। साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर उनके शीघ्र समाधान के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं ने स्थानीय विकास, राजस्व, नगरीय निकाय, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर अपने आवेदन और समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं।













