शाजापुर, 17 जुलाई।
मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के कालापीपल थाना क्षेत्र स्थित नांदनी गांव में गुरुवार शाम से लापता 10 वर्षीय छात्र का शव शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। शव बिजली कंपनी के पावर ग्रिड के पास एक खंडहरनुमा भवन में मिला। पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। संदेह के आधार पर एक नाबालिग से पूछताछ की जा रही है।
मृतक की पहचान 10 वर्षीय प्रियांशु मेवाड़ा के रूप में हुई है। वह किसान सुरेश मेवाड़ा का पुत्र था और गांव के आकाश पब्लिक स्कूल में चौथी कक्षा का छात्र था। परिजनों के अनुसार गुरुवार शाम करीब पांच बजे वह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके बाद कालापीपल थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस के अनुसार पावर ग्रिड के आसपास बच्चे अक्सर खेलते हैं और प्रियांशु को आखिरी बार इसी क्षेत्र में देखा गया था। शुक्रवार सुबह तलाश के दौरान पास के एक खंडहरनुमा भवन से उसका शव बरामद किया गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि लापता होने से पहले किसी व्यक्ति ने प्रियांशु को गुटखा पाउच लाने के लिए भेजा था। इसी आधार पर संदेह के चलते एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि उसकी भूमिका की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम की सहायता से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और बारीकी से निरीक्षण किया।
एसडीओपी निमिष देशमुख ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि घटना के कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।













