अपराध
17 Jul, 2026

204 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

सुपौल के किशनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई कर 204 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

सुपौल, 17 जुलाई।

किशनपुर थाना क्षेत्र में स्मैक तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना अध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 204 ग्राम स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई बाबू साहब पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर उत्तर की ओर की गई।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक स्मैक की खेप लेकर इस रास्ते से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को रोका और उनकी तलाशी ली। जांच के दौरान एक आरोपित के हेलमेट के भीतर विशेष तरीके से छिपाकर रखी गई 204 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर थाना लाया गया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सिंगियावन गांव वार्ड संख्या-2 निवासी 23 वर्षीय अंकित कुमार उर्फ रामविलास और 24 वर्षीय किशोर कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस ने बरामद स्मैक को जब्त कर लिया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।

थाना अध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि स्मैक की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस तक पहुंचाया जाना था। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

|
आज का राशिफल

परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। पर प्रपंच में ना पड़कर काम पर ध्यान दीजिए। कल का परिश्रम आज लाभ देगा। आलस्य का त्याग करें। कारोबारी काम में नवीन तालमेल और समन्वय बन जाएगा। यार-दोस्तों के साथ साझे में किए जा रहे काम में लाभ मिल जाएगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

26° / 31°

Cloudy

ट्रेंडिंग न्यूज़