कानपुर, 17 जुलाई।
चकेरी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में पिछले 11 वर्षों से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित वहां अपनी पहचान बदलकर रह रहा था और पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस उसे कानपुर ले आई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित अवदेश सिंह न्यू आजाद नगर का निवासी है। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2015 में चकेरी थाने में उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। इसके बाद से वह फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
सर्विलांस टीम और मैनुअल इंटेलिजेंस से मिली जानकारी के आधार पर आरोपित की मौजूदगी हरियाणा के गुरुग्राम में पता चली। इसके बाद चकेरी पुलिस ने हरियाणा पुलिस के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई करते हुए सेक्टर-74 स्थित एक अपार्टमेंट में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पता चला कि अवदेश सिंह अपनी असली पहचान छिपाकर गुरुग्राम में रियल एस्टेट का कारोबार कर रहा था। पुलिस से बचने के लिए वह लगातार अपना ठिकाना और लोकेशन बदलता रहा। लंबे समय तक फरार रहने के बावजूद पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपित को कानपुर लाकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने की कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि आरोपित के आपराधिक इतिहास और उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।













