ग्लासगो, 22 जुलाई।
राष्ट्रमंडल खेल-2026 के पहले दिन 23 जुलाई को भारत की लॉन बॉल्स टीम अपने अभियान की शुरुआत दो मुकाबलों के साथ करेगी। पुरुष एकल और महिला युगल वर्ग में भारतीय खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे।
पुरुष एकल स्पर्धा के सेक्शनल प्ले में विश्व रैंकिंग 21 के पुतुल सोनोवाल का मुकाबला कनाडा के मौजूदा विश्व चैंपियन और विश्व बॉल्स हॉल ऑफ फेम में शामिल रयान बेस्टर से होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 6:15 बजे स्कॉटिश इवेंट कैंपस (एसईसी) में खेला जाएगा।
महिला युगल स्पर्धा में विश्व रैंकिंग 57 की पिंकी और विश्व रैंकिंग 47 की रूपा रानी तिर्की की भारतीय जोड़ी सेक्शनल प्ले में माल्टा की कोनी रिक्सन और रेबेका रिक्सन से भिड़ेगी। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 4:50 बजे निर्धारित है।
दोनों मुकाबलों का सीधा प्रसारण और लाइव स्ट्रीमिंग सोनीलिव पर उपलब्ध रहेगी। इन स्पर्धाओं में पहले दिन पदक का फैसला नहीं होगा, लेकिन अगले दौर में जगह बनाने के लिए भारतीय खिलाड़ियों के लिए ये मुकाबले काफी अहम रहेंगे।











