नई दिल्ली, 22 जुलाई।
चीन के नए रक्षा अताशे रियर एडमिरल यू जियान ने भारतीय सेना के प्रति आभार व्यक्त किया है। पिछले वर्ष केरल तट के पास कार्गो शिप में हुए धमाके और आगजनी के दौरान 12 चीनी नागरिकों को बचाया गया था।
पीपुल्स लिबरेशन आर्मी की स्थापना की 99वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित स्वागत समारोह में उन्होंने यह बात कही। इस दौरान उन्होंने दोनों राष्ट्रों के सशस्त्र बलों के बीच संवाद और सहयोग बढ़ाने की वकालत भी की।
श्री जियान ने कहा कि दोनों देश अहम पड़ोसी हैं और विकास के एक अहम दौर से गुजर रहे हैं। रणनीतिक मार्गदर्शन के तहत द्विपक्षीय संबंध अब सुधार और प्रगति के सही रास्ते पर लौट आए हैं।
इसके अलावा चीनी रक्षा अधिकारी ने संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में दोनों देशों की सेनाओं द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका की भी सराहना की।










