वाशिंगटन, 22 जुलाई।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बड़ी और कड़ी चेतावनी जारी की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि तेहरान अपने परमाणु कार्यक्रम को दोबारा शुरू करने की कोशिश करेगा, तो उस जगह पर बहुत जोरदार सैन्य हमला किया जाएगा।
व्हाइट हाउस में लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन के साथ बातचीत के दौरान ट्रंप ने यह दावा किया। उन्होंने कहा कि भारी नुकसान झेलने के बाद ईरान पर्दे के पीछे से बातचीत करने के लिए बेताब है।
ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाए जाने पर भी तेहरान को आगाह किया। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि ऐसे हमले दोबारा हुए, तो अमेरिका की तरफ से दस गुना अधिक कड़ा जवाब दिया जाएगा।
हालिया संघर्ष का जिक्र करते हुए ट्रंप ने जॉर्डन में हुए एक ड्रोन हमले में अमेरिकी सैनिकों के हताहत होने की बात स्वीकार की। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वह शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए डोवर एयर फोर्स बेस जाएंगे।
उधर, अमेरिकी अधिकारियों ने इराक के एरबिल एयर बेस पर 19 तारीख को हुए एक ड्रोन हमले के दौरान जान गंवाने वाले सैनिक की पहचान कर ली है। मारे गए अमेरिकी सैनिक की पहचान उत्तरी कैरोलिना के फेटविल निवासी सार्जेंट माइकल इमैनुएल स्विंटन के रूप में हुई है।
इस बीच, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने कहा है कि अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव का सामना करने के लिए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के साथ समन्वय और तेज कर दिया गया है। नेशनल इंडस्ट्री एंड माइनिंग डे के कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा कि सभी सरकारी फैसले सुप्रीम लीडर के मार्गदर्शन के अनुसार तय किए जा रहे हैं और देश पूरी ताकत के साथ आगे बढ़ेगा।










