Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

मध्य प्रदेश
23 Jul, 2026

अजय बिश्नोई ने पाटन-जबलपुर सड़क को लेकर सरकार पर उठाए सवाल

भाजपा विधायक अजय बिश्नोई ने शहपुरा पुल के निर्माण में देरी और पाटन-जबलपुर मार्ग की खराब स्थिति को लेकर सरकार से सड़क परियोजनाओं पर जल्द काम शुरू करने की मांग की।

जबलपुर, 23 जुलाई।

मध्य प्रदेश भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय बिश्नोई ने शहपुरा पुल के निर्माण में हो रही देरी और पाटन-जबलपुर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर अपनी ही सरकार के लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि शहपुरा पुल बंद होने से भारी वाहनों का दबाव पाटन मार्ग पर बढ़ गया है, जिससे सड़क हादसों में लगातार वृद्धि हो रही है।

अजय बिश्नोई ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि शहपुरा पुल पांच महीने बाद भी शुरू नहीं हो सका है। इसके कारण भोपाल-जबलपुर मार्ग का भारी वाहन यातायात पाटन सड़क से गुजर रहा है। उनका कहना है कि यह सड़क भारी वाहनों के लिए तैयार नहीं की गई थी, जिसके चलते इसकी स्थिति खराब हो गई है और दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।

उन्होंने अपनी पोस्ट में उल्लेख किया कि डायवर्ट किए गए यातायात के कारण एक और व्यक्ति की जान चली गई। बिश्नोई ने कहा कि शहपुरा पुल का निर्माण समय पर पूरा नहीं होने का पूरा खामियाजा पाटन-जबलपुर मार्ग को भुगतना पड़ रहा है।

भाजपा विधायक ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जबलपुर-पाटन सड़क को चौड़ा और मजबूत बनाने की योजना बजट में शामिल होने के बावजूद अब तक मंजूरी नहीं मिल सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह परियोजना मंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल नहीं है, इसलिए इसका निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।

अजय बिश्नोई ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र सौंपकर पाटन-जबलपुर और पाटन-मानकेड़ी सड़क परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराने का आग्रह किया है, ताकि डायवर्ट यातायात के कारण हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

उल्लेखनीय है कि भोपाल-जबलपुर को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर शहपुरा के पास करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से बना रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के तीन वर्ष के भीतर ही क्षतिग्रस्त हो गया। पहले इसकी एक लेन धंसी थी, जबकि बाद में दूसरी लेन भी क्षतिग्रस्त होने के बाद पूरे मार्ग का यातायात पाटन मार्ग की ओर मोड़ दिया गया।

पुल क्षतिग्रस्त होने के मामले में मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन ने तत्कालीन सहायक महाप्रबंधक और संभागीय प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए उनकी पेंशन रोकने के लिए शासन को पत्र भेजा था। जांच में दोनों अधिकारियों को कार्य में लापरवाही का जिम्मेदार माना गया।

|
आज का राशिफल

किसी से कहासुनी न हो यह ध्यान रहे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। कुछ एकाग्रता की प्रवृत्ति बनेगी। कामकाज की व्यस्तता से सुख-आराम प्रभावित होगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। श्रेष्ठजनों की सहानुभूतियां होगी। भाई-बहनों का प्रेम बढ़ेगा। शुभांक-5-8-9

आज का मौसम

भोपाल

24° / 27°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़