राजगढ़, 23 जुलाई।
राजगढ़ जिले में संचालित दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. इच्छित गढ़पाले ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। गुरुवार को आयोजित जिला स्तरीय बैठक में उन्होंने अभियान की धीमी प्रगति पर सख्त रुख अपनाते हुए समयबद्ध तरीके से लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में सभी विकासखंडों के पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों द्वारा किए गए कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। इस दौरान जीरापुर और ब्यावरा विकासखंड की प्रगति निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नहीं मिलने पर डॉ. गढ़पाले ने संबंधित अधिकारियों को एक दिन के भीतर लंबित कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय-सीमा में लक्ष्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के तीन दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा बैठक में नरसिंहगढ़ की पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी डॉ. दीपलता मांडवी के अनुपस्थित रहने पर भी नाराजगी व्यक्त की गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने उनके विरुद्ध कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
डॉ. गढ़पाले ने सभी संस्था प्रभारियों को अपने-अपने ग्रामों में उपस्थित रहकर कार्य करने तथा लोकेशन सहित प्रगति रिपोर्ट उप संचालक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, राजगढ़ को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से अभियान की गति तेज करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। बैठक में निर्णय लिया गया कि अभियान की प्रगति की अगली समीक्षा 25 जुलाई को की जाएगी।
बैठक में उप संचालक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, जिला डीआरओ अधिकारी तथा जिले के सभी पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ और पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी मौजूद रहे।












