अनूपपुर, 23 जुलाई।
अनूपपुर जिला मुख्यालय में 4.34 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित शासकीय कन्या महाविद्यालय का नया भवन लगभग तैयार होने के बावजूद विद्युतीकरण कार्य अधूरा होने से इस शैक्षणिक सत्र में भी शुरू नहीं हो सका है। इसके चलते महाविद्यालय का संचालन फिलहाल पीएमश्री शासकीय तुलसी महाविद्यालय परिसर स्थित पुराने छात्रावास भवन के चार कमरों से किया जा रहा है।
अस्थायी व्यवस्था के कारण छात्राओं और शिक्षकों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पुराने छात्रावास में कुल 10 कमरे हैं, लेकिन पठन-पाठन केवल चार कमरों में संचालित हो रहा है। सीमित स्थान होने से शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
पीएमश्री शासकीय तुलसी महाविद्यालय के प्राचार्य अनिल सक्सेना ने बताया कि कन्या शिक्षा परिसर के समीप नए भवन का निर्माण 26 सितंबर 2023 को शुरू हुआ था। अनुबंध के अनुसार निर्माण कार्य मार्च 2025 तक पूरा होना था, लेकिन बीच में बजट की कमी के कारण काम प्रभावित हुआ। बाद में अतिरिक्त राशि के लिए संशोधित प्राक्कलन भेजा गया। वर्तमान में भवन का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, हालांकि बिजली से जुड़े कार्य लंबित होने के कारण इसका उपयोग अभी शुरू नहीं हो पाया है।
महाविद्यालय में कला संकाय के प्रथम से चतुर्थ वर्ष तक करीब 150 छात्राएं अध्ययनरत हैं। उनके लिए केवल एक बड़ा और तीन छोटे कक्ष उपलब्ध हैं, जिनमें सभी कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। जगह की कमी के कारण छात्राओं को अध्ययन में परेशानी हो रही है।
महाविद्यालय में कार्यरत 9 शिक्षण और 8 गैर-शिक्षण कर्मचारियों को भी पर्याप्त कक्ष और कार्यालयीन सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। प्राचार्य ने उम्मीद जताई है कि आगामी नए शैक्षणिक सत्र से कन्या महाविद्यालय का संचालन नए भवन से शुरू हो सकेगा।












