अनूपपुर, 23 जुलाई।
अनूपपुर जिले के पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने गुरुवार को पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सात थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया। साथ ही दो उपनिरीक्षकों और एक सहायक उपनिरीक्षक के पूर्व स्थानांतरण आदेश में संशोधन कर उन्हें यथावत पदस्थ रखने के निर्देश जारी किए गए।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक संजय अशोक इक्का को अनूपपुर कोतवाली का थाना प्रभारी बनाया गया है। निरीक्षक राधिका भगत को आजाका थाना अनूपपुर से भालूमाड़ा, निरीक्षक उमेश उपाध्याय को भालूमाड़ा से कारनपठार, निरीक्षक वीरेंद्र बरकड़े को कारनपठार से राजेन्द्रग्राम तथा निरीक्षक लाल बहादुर तिवारी को अमरकंटक से आजाका थाना प्रभारी बनाया गया है।
इसी तरह निरीक्षक मनिम टोप्पो को बिजुरी से अमरकंटक थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि निरीक्षक प्रकाश चंद्रा कोल को राजेन्द्रग्राम से पुलिस लाइन भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक ने उपनिरीक्षक मंगल दुबे का पूर्व स्थानांतरण आदेश निरस्त करते हुए उन्हें सरई चौकी में ही यथावत रखा है। वहीं उपनिरीक्षक सोने सिंह परस्ते को फुनगा तथा सहायक उपनिरीक्षक पवन प्रजापति को कोतवाली में पूर्ववत पदस्थ रखने के आदेश जारी किए गए हैं।












