जलपाईगुड़ी, 24 जुलाई।
जलपाईगुड़ी जिले के मयनागुड़ी ब्लॉक में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। सरकारी बैंक का कर्मचारी बनकर फोन करने वाले साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति से 1.20 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अजय विश्वास ने बताया कि गुरुवार रात उन्हें एक फोन आया। कॉल करने वाले ने स्वयं को सरकारी बैंक का कर्मचारी बताते हुए स्वास्थ्य बीमा प्रीमियम जमा कराने की बात कही। साथ ही यह भी कहा कि पहले बैंक की ओर से उनके खाते में कुछ राशि भेजी जाएगी।
इसके बाद आरोपित ने व्हाट्सऐप के माध्यम से एक ऐप डाउनलोड करने के लिए फाइल भेजी और निर्देशानुसार कई स्थानों पर क्लिक करने को कहा। पीड़ित ने बताए गए सभी निर्देशों का पालन किया।
कुछ ही देर बाद उनके बैंक खाते से 1.20 लाख रुपये निकल गए। ठगी का पता चलने पर शुक्रवार को उन्होंने मयनागुड़ी साइबर सहायता केंद्र में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने साइबर ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई ऐप डाउनलोड न करें और बैंक से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।















