औरैया, 24 जुलाई।
औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, 12,200 रुपये नकद, दो तमंचे और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि दिबियापुर निवासी रवि बाबू पाल ने अछल्दा थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि 21 जुलाई की रात वह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सीएचसी अछल्दा के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोककर मारपीट की और मोबाइल फोन, 13,500 रुपये नकद, बाइक की चाबी तथा हेलमेट लूटकर फरार हो गए।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीन टीमों का गठन किया गया। मुखबिर की सूचना पर तुर्कपुर बंबा अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान संयुक्त पुलिस टीम ने राजा, चंद्रभान उर्फ टिल्लू, मनोज कुमार और सर्बजीत को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने रास्ते में अकेले जा रहे बाइक सवार को देखकर लूट की योजना बनाई। रास्ता पूछने के बहाने पीड़ित को रोककर उसे धमकाया और मोबाइल व नकदी लूट ली। वारदात के बाद बाइक की चाबी और हेलमेट नहर में फेंक दिए ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें। पुलिस के अनुसार लूटी गई रकम का आपस में बंटवारा कर लिया गया था, जिसमें से कुछ रुपये खर्च भी किए जा चुके थे।
पुलिस ने बरामदगी के साथ चारों आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।















