धर्मशाला, 24 जुलाई।
पुलिस जिला नूरपुर ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिट्टा तस्करी से जुड़े एक मामले में पांचवें आरोपित को गिरफ्तार किया है। थाना डमटाल पुलिस की कार्रवाई पूर्व में दर्ज उस मामले से जुड़ी है, जिसमें 41.40 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी।
पुलिस के अनुसार, 15 मई 2026 को 41.40 ग्राम हेरोइन बरामद होने के बाद मामले की गहन जांच की गई। डिजिटल लेन-देन की पड़ताल के दौरान सामने आया कि कंडवाल निवासी 27 वर्षीय दीपक उर्फ दीपू ने मुख्य आरोपित अमन से डिजिटल भुगतान के माध्यम से हेरोइन खरीदी थी।
जांच के दौरान वित्तीय और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपित की नशीले पदार्थों के नेटवर्क में संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस चौकी ढांगूपीर की टीम ने कार्रवाई करते हुए दीपक उर्फ दीपू को एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत गिरफ्तार कर लिया।
एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि मामले में नियमानुसार आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि नूरपुर पुलिस क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।















