धर्मशाला, 24 जुलाई।
पुलिस जिला नूरपुर ने अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंड इंदौरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मानसून सत्र के दौरान लागू खनन प्रतिबंध का उल्लंघन कर लोडर और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से अवैध खनन किया जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि मंड इंदौरा के वार्ड संख्या-11 में कार्रवाई के दौरान बंटी, शिव, शाकू तथा लोडर मालिक नरेंद्र सिंह उर्फ बड्डू और नासर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी आरोपित मंड इंदौरा क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच के दौरान घटना में इस्तेमाल किए गए अन्य वाहनों, मशीनरी और अवैध खनन से जुड़े अन्य संभावित आरोपितों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















